Thursday, January 18, 2007

तो यह है आज की सबसे जोरदार खबर!

टेलीविजन चैनलों को ऐसा करते खूब देखा है लेकिन धीरे-धीरे अब अखबारों को भी 'असली खबर' की समझ आ गई है। राष्ट्रीय सहारा में छपी इस तसवीर को देखिए। उन्हें इसे छापने में कोई झिझक नहीं हुई (हालांकि मुझे हो रही है और इसीलिए फोटो का एक हिस्सा एडिट कर दिया है)। धन्य हैं ये महिला जिन्होंने बछड़े को मातृत्व सुख देने की ठानी और उसे मीडिया से प्रचारित करवाने का लोभ भी नहीं छोड़ सकीं। और धन्य हैं वे पत्रकार व फोटोग्राफर जिन्होंने इतनी महत्वपूर्ण खबर को अपने अखबार में अच्छा खासा स्पेस देकर उसके साथ 'न्याय' किया। मीडिया को ऐसी दमदार खबरें ढूंढते रहना चाहिए। कहीं कोई जरूरी खबर छूट न जाए।

Monday, January 15, 2007

इन्हें दोनों तरह के किडनैपरों की तलाश

दैनिक जागरण में छपे इस विज्ञापन को देखिए। अपहर्ता और अपहरणकर्ता दोनों की तलाश की जा रही है। विज्ञापन लिखने वाले सज्जन अपहृत को अपहर्ता लिख गए हैं। अब बेचारे अपहृत व्यक्ति को कौन तलाशेगा?

Saturday, January 06, 2007

क्या छह साल की बच्ची को आप 'महिला' कहेंगे?

समाचार एजेंसी यूनीवार्ता ने आज तमिलनाडु की एक पटाखा निर्माण इकाई में हुए विस्फोट की खबर दी है। कहा गया है कि विस्फोट में एक महिला की मृत्यु हो गई। खबर में थोड़ा आगे बढ़ेंगे तो पाएंगे कि वार्ता जिसे 'महिला' बता रही है वह वास्तव में छह वर्ष की एक बच्ची है।

हमने तो सुना था नोटों के चित्र छापने पर रोक है?

एकाध दिन पहले ही खबर पढ़ी थी कि भारतीय रिजर्व बैंक ने किसी भी स्थान पर नोटों के चित्र (संपादित करके भी) छापने पर रोक लगा दी है। लेकिन आज के टाइम्स ऑफ इंडिया में इकॉनॉमिक टाइम्स इन्वेस्टर्स गाइड का यह विज्ञापन देखिए।

Thursday, January 04, 2007

सीएनएन ने ओबामा को ओसामा बना दिया!

गलतियां तो बड़े-बड़े संस्थानों से भी होती हैं। सीएनएन को ही देखिए। कल ओसामा बिन लादेन की तलाश से संबंधित खबर में ओसामा का वीडियो दिखाते हुए उसने स्क्रीन पर नीचे शीर्षकात्मक ग्राफिक दिखाया जिसमें लिखा था- कहां है ओबामा? संयोगवश ओबामा साहब (बराक ओसामा) इलिनोइस के जूनियर सीनेटर हैं। उन्होंने इस गलती पर तगड़ा विरोध दर्ज किया और सीएनएन को माफी मांगनी पड़ी।

यह दारा सिंह या वह दारा सिंह?

नवभारत टाइम्स की यह खबर देखिए। पूरी खबर ही बेहद मनोरंजक है। इसमें समाजवादी पार्टी के सांसद दारा सिंह के सपा की साइकिल से उतर कर कांग्रेस का हाथ थाम लेने की बात कही गई है। खबर में लिखा है कि एक्टर और समाजवादी पार्टी के सांसद दारा सिंह कांग्रेस में चले गए हैं। पहली बात तो अभिनेता दारा सिंह समाजवादी पार्टी के सदस्य नहीं हैं बल्कि भारतीय जनता पार्टी के जाने-माने सदस्य हैं। उनके अपनी पार्टी छोड़ने की खबर भी निराधार है। वे भाजपा में बने हुए हैं। इतना ही नहीं, खबर में लिखा है कि दारा सिंह यूपी में आजमगढ़ से राज्यसभा के सदस्य हैं। यह तो पहली बार सुनने को मिला! क्या लोकसभा क्षेत्रों की तरह अब राज्यसभा क्षेत्र (आजमगढ़?) भी बना दिए गए हैं और राज्यसभा सदस्य इन क्षेत्रों से चुने जाने लगे हैं? वे तो विधानसभाओं में विधायकों द्वारा चुने जाते हैं और राज्यों का प्रतिनिधित्व करते हैं। असल में खबर दारा सिंह चौहान नामक पूर्व समाजवादी पार्टी सांसद से संबंधित थी। अति-उत्साह और जल्दबाजी में भाई लोग फिल्मी दुनिया तक हो आए।

खबर जवाहिरी की, बयान जरकावी का

नवभारत टाइम्स में अलकायदा के उपप्रमुख अयमान अल जवाहिरी की तरफ से इराकी बागियों से की गई अपील की खबर छपी है। अलबत्ता, शीर्षक में जवाहिरी की जगह अबू मुसाब अल जरकावी का नाम दे दिया गया है। जरकावी तो कई महीने पहले अमेरिकी कार्रवाई में मारा जा चुका है।

फिर एक गड़बड़ी फोटो कैप्शन की

लगता है मीडिया में कैप्शनों की गलतियां सबसे ज्यादा हो रही हैं। आज ही हिंदुस्तान टाइम्स.कॉम की फोटो गैलरी में चित्र छपा है दिल्ली हवाई अड्डे का और चित्र-विवरण (कैप्शन) दिया गया है लंदन में टेम्स नदी के किनारे होने वाले सालाना उत्सव के दौरान की गई शानदार आतिशबाजी का।

दो दशक पहले शहीद हुए ललित माकन आज भी मंत्री!

आपको याद होगा कि दिल्ली के प्रमुख कांग्रेसी नेता ललित माकन की दो दशक पहले हत्या कर दी गई थी। अब उनके भतीजे अजय माकन केंद्र सरकार में मंत्री हैं। लेकिन एक हिंदी अखबार ने अपने संपादकीय पेज पर छपे लेख में ललित माकन को केंद्र में शहरी विकास राज्यमंत्री बताया है।