Thursday, January 04, 2007

यह दारा सिंह या वह दारा सिंह?

नवभारत टाइम्स की यह खबर देखिए। पूरी खबर ही बेहद मनोरंजक है। इसमें समाजवादी पार्टी के सांसद दारा सिंह के सपा की साइकिल से उतर कर कांग्रेस का हाथ थाम लेने की बात कही गई है। खबर में लिखा है कि एक्टर और समाजवादी पार्टी के सांसद दारा सिंह कांग्रेस में चले गए हैं। पहली बात तो अभिनेता दारा सिंह समाजवादी पार्टी के सदस्य नहीं हैं बल्कि भारतीय जनता पार्टी के जाने-माने सदस्य हैं। उनके अपनी पार्टी छोड़ने की खबर भी निराधार है। वे भाजपा में बने हुए हैं। इतना ही नहीं, खबर में लिखा है कि दारा सिंह यूपी में आजमगढ़ से राज्यसभा के सदस्य हैं। यह तो पहली बार सुनने को मिला! क्या लोकसभा क्षेत्रों की तरह अब राज्यसभा क्षेत्र (आजमगढ़?) भी बना दिए गए हैं और राज्यसभा सदस्य इन क्षेत्रों से चुने जाने लगे हैं? वे तो विधानसभाओं में विधायकों द्वारा चुने जाते हैं और राज्यों का प्रतिनिधित्व करते हैं। असल में खबर दारा सिंह चौहान नामक पूर्व समाजवादी पार्टी सांसद से संबंधित थी। अति-उत्साह और जल्दबाजी में भाई लोग फिल्मी दुनिया तक हो आए।

0 Comments:

Post a Comment

<< Home